Monday, April 13, 2026

CG BREAKING NEWS: पुलिस टीम पर हमला, टीआई समेत कई घायल; 10 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी (टीआई) उत्तम तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बावजूद इसके पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की संयुक्त टीम ग्राम पचरी पहुंची थी। टीम में सांकरा थाना के टीआई उत्तम तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

लेकिन जब पुलिस आरोपियों को वाहन में बैठाने लगी, तभी उन्होंने विरोध शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने अपने परिजनों और गांव के अन्य लोगों को भी उकसाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों के साथ मौके पर पहुंच गए।

देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में टीआई उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। वहीं एक महिला आरक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना के बावजूद पुलिस ने संयम और साहस का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।