Saturday, August 8, 2026

CG Crime News: जमानत के लिए श्मशान में कथित काला जादू! चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर पूजा का VIDEO वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जमानत के लिए श्मशान घाट में कथित तौर पर तांत्रिक पूजा किए जाने का मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार रात चार युवक कथित रूप से पूजा-पाठ करते मिले। मौके पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखी होने की बात सामने आई है।

श्मशान में मिली पूजा सामग्री

जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों को जब श्मशान घाट में युवकों के मौजूद होने की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान वहां मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी युवक से सवाल करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर युवक से पूछता है कि “जज को ही मारना चाहते हो क्या?” इस पर युवक जवाब देता है कि वह पढ़ा-लिखा है और ऐसा कोई काम नहीं करता।

रिश्तेदार की जमानत से जुड़ा बताया जा रहा मामला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी रिश्तेदार की जमानत के लिए अदालत में याचिका दायर की गई है और इसी से जुड़े कथित अंधविश्वासपूर्ण अनुष्ठान की बात सामने आ रही है। हालांकि, किस उद्देश्य से तस्वीरें रखी गई थीं और पूजा क्यों की जा रही थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और मौके से मिली सामग्री के आधार पर पुलिस युवकों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।