CG Holi Liquor Shop Open : होली पर खुलेंगी शराब दुकानें, छत्तीसगढ़ सरकार ने हटाए तीन ड्राई डे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। विष्णु देव साय सरकार ने नई आबकारी नीति में बदलाव करते हुए पहले घोषित सात ड्राई डे में से तीन दिन हटा दिए हैं। अब होली, मुहर्रम और 30 जनवरी को शराब की बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

राज्य सरकार के इस फैसले के बाद त्योहारों और विशेष अवसरों पर शराब की दुकानें खुली रहेंगी। हालांकि बाकी ड्राई डे पहले की तरह लागू रहेंगे।

 अब सिर्फ चार दिन रहेंगे ड्राई डे

नई नीति के अनुसार वर्ष 2026–27 में राज्य में सिर्फ चार दिन ही शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
 26 जनवरी — गणतंत्र दिवस
 15 अगस्त — स्वतंत्रता दिवस
 2 अक्टूबर — महात्मा गांधी जयंती
 18 दिसंबर — गुरु घासी दास जयंती

हालांकि जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार शराब दुकानों को लेकर निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है।

 पहले सात दिन बंद रहती थीं दुकानें

अब तक प्रदेश में होली सहित सात अवसरों पर शराब दुकानें पूरी तरह बंद रहती थीं। त्योहारों से पहले पुलिस की सख्त निगरानी और चेकिंग भी होती थी। लेकिन नई नीति के बाद इन व्यवस्थाओं में बदलाव देखने को मिलेगा। 30 जनवरी को दुकान खुलने पर हुआ था विरोध

30 जनवरी को शराब दुकानें खुली रहने के फैसले का पहले विरोध भी हो चुका है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई जगह प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऐसे दिन शराब दुकानें खुली रखना बापू के सिद्धांतों के विपरीत है।