Wednesday, October 7, 2026

CG News: दीपका में दिनदहाड़े मारपीट और चाकूबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को भेजा जेल

कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 2 अक्टूबर को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की।

आशीर्वाद देने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, 2 अक्टूबर को दीपका बाजार के मुख्य मार्ग पर किन्नर समुदाय के सदस्य आशीर्वाद देने के लिए घूम रहे थे। इसी दौरान थर्ड जेंडर समुदाय के सदस्यों और दीपका निवासी पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क पर चाकूबाजी की घटना भी सामने आई। घटना में पिता-पुत्र के घायल होने की जानकारी है।

दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। किन्नर समुदाय की ओर से पिता-पुत्र पर अपशब्द कहने और टच करने का आरोप लगाया गया, जबकि पिता-पुत्र ने अपने साथ बेवजह मारपीट किए जाने की शिकायत की।

दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पंकज सिंह की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के बाद पुलिस ने पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।