राजनांदगांव/कोरबा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत के कारण हुआ। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया। घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।
ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार कार से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार सवार अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। वहीं, हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया।
राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से जमशेदपुर जा रहा था। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। साथ ही, फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
दो घायलों का TMH में इलाज जारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल हरमन कौर और प्रदीप सिंह को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
झारखंड में हुए इस हादसे से राजनांदगांव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, हादसे में 9 महीने के बच्चे के सुरक्षित बचने की जानकारी भी सामने आई है।






