CG NEWS:  बदहाल सड़कों से परेशान नागरिकों का फूटा गुस्सा, मुख्य चौराहे पर विधि-विधान से किया सिस्टम का श्राद्ध

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में बदहाल सड़कों से परेशान नागरिकों ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर एक अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर के मुख्य चौराहे, घड़ी चौक पर विधि-विधान के साथ सिस्टम का श्राद्ध किया, जिससे उन्होंने अपनी नाराजगी को उजागर किया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर और आस-पास की सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों ने आम नागरिकों के लिए यात्रा करना मुश्किल बना दिया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, मौजूदा सांसद चिंतामणि महाराज और विधायक सहित कलेक्टर ने भी सड़कों की स्थिति का जायजा लिया है, लेकिन इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है।

प्रदर्शन में शामिल राकेश तिवारी ने बताया, “यह एक आम नागरिक की मूलभूत जरूरत होती है, लेकिन सरकार इसे पूरा नहीं कर पा रही है। हमसे टैक्स लिया जाता है, लेकिन सड़कें तो हैं ही नहीं। बारिश से पहले जिन सड़कों का निर्माण हुआ था, अब वे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। नेताओं से कोई उम्मीद नहीं दिखती।”

बस व्यवसाय से जुड़े त्रिलोचन सिंह बाबरा ने कहा, “यह श्राद्ध का आयोजन बिल्कुल सही है। सड़कों की हालत इतनी खराब है कि कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। जब इतनी सारी जानें जा चुकी हैं, तो सिस्टम का श्राद्ध क्यों नहीं?” उन्होंने बताया कि खराब सड़कों के कारण उनकी गाड़ियों की वारंटी समाप्त हो रही है।

विवेक सिंह ने कहा, “सनातन धर्म में श्राद्ध उन्हीं का किया जाता है जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। हमने सिस्टम का श्राद्ध कर इसे मृत घोषित कर दिया है, क्योंकि सड़कों की हालत वर्षों से खराब है।”

एक अन्य नागरिक सुभाष राय ने कहा, “हमने पितृ अमावस्या के दिन सिस्टम के खिलाफ यह श्राद्ध किया है। सड़कों की दुर्दशा और नगर निगम की लचर व्यवस्था ने हमें मजबूर कर दिया। हमने कई बार अनुरोध किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अब हमने तय किया कि इस सिस्टम का तर्पण किया जाए।”

इस अनोखे प्रदर्शन ने स्थानीय प्रशासन और सरकार की आंखें खोलने का प्रयास किया है, ताकि बदहाल सड़कों की स्थिति को सुधारने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।