रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार और मंगलवार के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। बस्तर में तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी, जबकि मनेंद्रगढ़ में पहले कार की चपेट में आई महिला को बाद में विद्युत विभाग की गाड़ी ने कुचल दिया। वहीं दंतेवाड़ा में एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
बस्तर में टिप्पर की टक्कर से दो युवकों की मौत
बस्तर जिले के जगदलपुर-चित्रकोट मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम बड़ा हादसा हुआ। बड़ांजी थाना क्षेत्र के छापर भानपुरी के पास तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मनेंद्रगढ़ में महिला की दर्दनाक मौत
मनेंद्रगढ़ शहर के कॉलेज रोड पर एक महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक ओमनी कार ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई।
महिला के सड़क पर गिरने के कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहे विद्युत विभाग के वाहन ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दंतेवाड़ा में पलटा ट्रेलर, दो घंटे तक यातायात बाधित
दंतेवाड़ा जिले में सातधार-नकुलनार मार्ग पर मसेनार के पास देर रात करीब 12 बजे एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रेलर के सड़क पर पलटने से मार्ग पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना के बाद संबंधित टीम मौके पर पहुंची और सड़क से वाहन हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा हादसों की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।











