CG में पकड़ाया 84 लाख का गांजा:ट्रक में लोहे के पार्ट्स के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 4 क्विंटल गांजा, 2 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में फिर से पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ा है। पुलिस ने इस बार तस्करों से 84 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। बताया गया ये तस्कर ओडिशा की तरफ से गांजा लेकर आ रहे थे। दो आरोपियों ने गांजे को ट्रक के अंदर लोहे के पार्टस के बीच छिपा रखा था, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों से कुल 4 क्विंटल 20 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। यह कार्रवाई जिले की कोमाखान पुलिस की टीम ने की है।

दरअसल, महासमुंद के रास्ते गांजा तस्करी के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। इस वजह से पुलिस की टीम भी एक्टिव है। इस बीच 31 अक्टूबर को भी पुलिस को सूचना मिली थी कुछ तस्कर गांजा लेकर ओडिशा की तरफ से आने वाले हैं। जिसके बाद कोमाखान पुलिस को निर्देश दिए गए की मौके पर जाकर तस्करों को पकड़ा जाए।

निर्देश मिलते ही पुलिस की टीम टेमरी नाका के पास पहुंच गई। पुलिस लगातार यहां से आने जाने वालों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय एक ट्रक भी पुलिस ने रोकी, जिसमें 2 युवक सवार थे। पुलिस ने उन दोनों से पूछताछ ती तो वह ठीक से जवाब नहीं दे पा रहे थे। ट्रक सवारों ने बताया कि वह लोहे के पार्ट्स लेकर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस को शक था। जिसके चलते पुलिस ने ट्रक की तलाश ली। जिसमें लोहे के पार्ट्स के अंदर गांजा रखा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।