रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की नई भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संकेत दिए हैं कि CGPSC के नए अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही शासकीय विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को भी गति दी जाएगी।
जल्द होगी CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए CGPSC के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। लंबे समय से इस नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के बयान से उम्मीद जगी है।
नई सरकारी भर्तियों के लिए जल्द निकलेगा विज्ञापन
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठा रही है। शासकीय सेवाओं में खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जल्द ही नए पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
संविधान दिवस पर भर्ती विज्ञापन जारी नहीं होने से बढ़ी थी चिंता
CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण संविधान दिवस के अवसर पर भर्ती विज्ञापन जारी नहीं हो सका था। इसे लेकर अभ्यर्थियों में निराशा थी और आयोग की आगामी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब मुख्यमंत्री के ताजा बयान के बाद युवाओं को जल्द नई भर्ती और परीक्षा कैलेंडर जारी होने की उम्मीद है।
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार रिक्त शासकीय पदों पर भर्ती के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, CGPSC की नई भर्ती का विस्तृत विज्ञापन, पदों की संख्या और परीक्षा कैलेंडर जारी होने की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।









