Thursday, March 12, 2026

CGPSC भर्ती घोटाला: बारनवापारा के जंगलों में रची गई थी साजिश, CBI चार्जशीट में बड़े खुलासे

रायपुर। राजधानी रायपुर से करीब 125 किलोमीटर दूर बारनवापारा के घने जंगलों में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की साजिश रची जा रही थी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अंतिम चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच में सामने आया है कि आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सोनवानी ने 35 चयनित अभ्यर्थियों को जंगल स्थित एक रिसॉर्ट में ठहराकर राज्य सेवा परीक्षा की विशेष तैयारी कराई थी। इस पूरे खेल में कोचिंग संचालक उत्कर्ष चंद्राकर ने अहम भूमिका निभाई।

चार्जशीट के मुताबिक, इसी रिसॉर्ट के एक कमरे में प्रश्नपत्र लीक करने और चयन सूची तैयार करने की योजना बनाई गई। आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित कर उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों, नेताओं और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया गया।

मई 2022 में रिसॉर्ट में ठहराए गए थे 35 परीक्षार्थी
CBI की चार्जशीट में दावा किया गया है कि 11 से 24 मई 2022 के बीच बारनवापारा के रिसॉर्ट में 35 परीक्षार्थियों को ठहराया गया था। ये सभी कारोबारी, नेताओं और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनकी बुकिंग राहुल हरपाल के जरिए कराई गई थी। आरोप है कि अभ्यर्थियों को राज्य सेवा परीक्षा का असली प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया और कमरों में ही प्रश्न हल कराने की व्यवस्था की गई।

साल्वरों को दिए गए प्रश्नपत्र, तय थे मोटे ‘रेट’
जांच में यह भी सामने आया है कि विकास और उत्कर्ष चंद्राकर ने CGPSC मेंस परीक्षा के प्रश्नपत्र साल्वरों को दिए थे। चार्जशीट में यह खुलासा हुआ है कि चयन के लिए पदों के अनुसार मोटी रकम तय थी। उदाहरण के तौर पर डिप्टी कलेक्टर पद के लिए करीब एक करोड़ रुपये की डील बताई गई है।

भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि CGPSC 2021 की मुख्य परीक्षा 26 से 29 जुलाई 2022 के बीच तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में आयोजित की गई थी। CBI का कहना है कि इस घोटाले में कई उच्च पदस्थ अधिकारी, नेता और प्रभावशाली लोग अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हो सकते हैं। उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है।

CBI का दावा है कि आरोपितों ने परीक्षा से लेकर चयन तक की प्रक्रिया से जुड़े कई अहम राज उजागर किए हैं, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।