रायपुर.छत्तीसगढ़ राज्य को गैर कोयला मुख्य खनिज ब्लॉकों की नीलामी के लिए एक और राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री प्रहलाद जोशी ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में गैर कोयला मुख्य खनिज ब्लॉकों की सफलतापूर्वक नीलामी के लिए छत्तीसगढ़ को देशभर में द्वितीय बेस्ट परफॉर्मेंस अवॉर्ड से नवाजा है।
भोपाल में राज्य खनन मंत्री सम्मेलन में ये अवॉर्ड दिया गया। भारत सरकार के खनन मंत्रालय द्वारा दिए इस अवॉर्ड पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई और खनिज विभाग के अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय खनन मंत्री सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी से छत्तीसगढ़ की ओर से अनुराग दीवान, संयुक्त संचालक (खनिज प्रशासन) एवं इंचार्ज ऑक्शन और संजय कनक ने संयुक्त संचालक (भौमिकी) द्वारा अवॉर्ड प्राप्त किया।
20 खनिज ब्लॉक का आवंटन साल 2022-23 में किया गया
प्रदेश में साल 2015 के बाद राज्य में ई-ऑक्शन के माध्यम से कुल 35 आवंटित गैर कोयला मुख्य खनिज ब्लॉकों में से 20 खनिज ब्लॉकों का आवंटन वर्ष 2022-23 में किया गया है। इनमें 2 चूना पत्थर, 9 लौह अयस्क, 5 बॉक्साइट ब्लॉक्स और 2 निकोल-क्रोमियम-प्लैटिनम-ग्रुप ऑफ एलीमेंट और 2 ग्रेफाइट खनिज सहित कुल 20 ब्लॉक्स का ई-ऑक्शन के माध्यम से खनिज पट्टा-कंपोजिट लाइसेंस आवंटित किया गया।
प्रदेश में बहुमूल्य और सामरिक महत्व के खनिजों की खोज और दोहन सुनिश्चित कराने के मकसद से सितंबर, 2022 में राष्ट्रीय स्तर का स्टेक होल्डर्स कॉन्फ्रेंस कराया गया था। खनिज अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निकल-क्रोमियम-प्लेटिनम-ग्रुप ऑफ एलीमेंट खनिज ब्लॉक का आवंटन करने वाला देश का पहला राज्य है।
इसी तरह राज्य में पहली बार लौह अयस्क, बॉक्साइड और ग्रेफाइट ब्लॉक्स का आवंटन भी सफलतापूर्वक किया गया है। उन्होंने बताया कि 20 खनिज ब्लॉकों के सफल आवंटन से रॉयल्टी, डीएमएफ, एनएमईटी, पर्यावरण और इन्फ्रास्ट्रक्चर सेस के अतिरिक्त लगभग 43,700 करोड़ रुपए की आय बतौर प्रीमियम राज्य को होगी।










