अंबिकापुर जिले के DAV पब्लिक स्कूल विश्रामपुर में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा सिकलिन से पीड़ित थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा नव्या सोनवानी (14 वर्ष) सिकलिन बीमारी से पीड़ित थी। वो अपने परिवार के साथ SECL विश्रामपुर की चोपड़ा कॉलोनी स्कूल लाइन में रहती थी और DAV विश्रामपुर में कक्षा 9वीं में पढ़ती थी। 3 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए परिजन अस्पताल ले गए थे, जिसमें थायरॉइड की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इलाज के बाद परिजन नव्या को लेकर घर वापस आ गए थे।
छात्रा की मां विश्रामपुर थाने में आरक्षक है। उनकी स्वतंत्रता दिवस परेड रिहर्सल में ड्यूटी लगी है। वे शनिवार की सुबह 7 बजे परेड इसके लिए सूरजपुर चली गई थीं। इस दौरान घर में नव्या अकेली थी। उसने पंखे की रॉड में अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां जब शनिवार रात ड्यूटी पर से वापस लौटी, तो उसने बेटी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।