Monday, April 27, 2026

शबरी के बेर लेकर अयोध्या जाएंगे CM विष्णु:छत्तीसगढ़ का मंत्रिमंडल करेगा रामलला के दर्शन, कांग्रेस बोली- यह सिर्फ नौटंकी है

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सभी मंत्री 13 जुलाई को शबरी के बेर लेकर भगवान राम के पास अयोध्या जाएंगे। - Dainik Bhaskarछत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सभी मंत्री 13 जुलाई को शबरी के बेर लेकर भगवान राम के पास अयोध्या जाएंगे। CM साय ने कहा कि अयोध्या में बने भगवान राम की भव्य मंदिर का दर्शन करेंगे। वहीं इसे छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने नौटंकी बताया है।

बताया जा रहा है कि CM साय ने माता शबरी की पवित्र धरती शिवरीनारायण से बेर फल की टोकरी भी उपहार स्वरूप रामलला को भेंट करेंगे। इसके साथ ही विष्णुभोग चावल, कोसा वस्त्र, करी लड्डू, अनरसा और सीताफल भी रामलला को भेंट करेंगे।

एक दिन का ही होगा अयोध्या दर्शन कार्यक्रम

22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही चर्चा थी कि मुख्यमंत्री साय और सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। अब ये कार्यक्रम तय हुआ है। इससे पहले CM साय ने कहा था कि जल्दी ही सभी अयोध्या जाएंगे। शनिवार को साय सरकार का ये अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का ही होगा। शाम तक सभी मंत्री लौट आएंगे।

कांग्रेस बोली- घर का जोगी जोगड़ा

मंत्रिमंडल के अयोध्या प्रवास को कांग्रेस ने नौटंकी बता दिया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार बने 6 महीने से अधिक समय हो चुका है, अब तक मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के साथ कौशल्या माता के दर्शन करने नहीं पहुंचे। जो विश्व का एकमात्र मंदिर है जहां कौशल्या मां की गोद में भगवान राम विराजमान है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है। चंदखुरी में भांचा राम के दर्शन करने सरकार के मंत्री नहीं गए और अयोध्या जा रहे हैं। घर का जोगी जोगड़ा आन गांव का सिद्ध। इसका अर्थ है कि ‘ अपने गांव घर की अपेक्षा अन्यत्र अधिक सम्मान’।