Saturday, October 3, 2026

‘CM और सिंहदेव के बीच कोई विवाद नहीं’:अमरजीत का दावा- सरगुजा संभाग में भारी मतों से जीतेगी कांग्रेस, कहा- मुझे ज्यादा की चाह नहीं

रायपुर। प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत का दावा है कि विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग में कांग्रेस भारी वोटों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अंबिकापुर के संभागीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री के बीच कोई विवाद नहीं है। अमरजीत ने आने वाले समय में कद बढ़ने पर चुटीले अंदाज में कहा कि मुझे ज्यादा की चाह नहीं है, मैं थोड़े में ही गुजारा करता हूं।

बिलासपुर पहुंचे खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मीडिया से बातचीत के दौरान अलग-अलग मुद्दों को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मंत्री भगत ने धान खरीदी को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा इस जन्म में नहीं बल्कि, सात जन्म में भी धान नहीं खरीद सकती है।

 

शांता कुमार कमेटी की जो सिफारिश है, उसमें उन्होंने धान खरीदी का भी एक तरह से विरोध किया है। पीडीएस में जो चावल वितरण किया जा रहा है उसको भी रोकने के लिए सिफारिश की है। बता दें, शांता कुमार भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लोग किससे और क्या बात करेंगे। ये ना ही पीडीएस में लोगों को चावल देना चाहते हैं और ना धान खरीदी करना चाहते हैं।