Sunday, May 10, 2026

CM हाउस के पास जमकर प्रदर्शन:लाभांडी से विस्थापन के विरोध में करीब एक घंटे तक चला हंगामा,अब अधिकारी कर रहे हैं बातचीत

शनिवार की दोपहर रायपुर में अचानक दर्जनों महिलाएं और पुरुष हुल्लड़ करते हुए CM आवास के करीब पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस इन्हें रोक नहीं पाई। बैरिकेडिंग हटाते हुए नारेबाजी करते हुए यह सभी प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री निवास के गेट से पहले पहुंच गए। आम लोगों की आवाजाही के लिए ये रास्ता बंद है। घटना के बाद रायपुर एसएसपी ने कहा कि भीड़ को सीएम हाउस के पहले गेट के बाद ही रोक लिया गया था।

प्रदर्शनकारियों के गुस्से के आगे पुलिस का जोर नहीं चल सका और भीड़ बेरिकेडिंग के अंदर दाखिल हो गई। आमतौर पर मुख्यमंत्री निवास के आसपास करीब 500 मीटर पहले ही पुलिस ऐसे प्रदर्शनकारियों को रोक देती है, मगर शनिवार को ऐसा नहीं हो सका। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का कोई काबू नहीं चला और वे मुख्यमंत्री निवास के करीब पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को यहां से खदेड़ा।