Thursday, September 24, 2026

छग कांग्रेस ने रूठे नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने की जिम्मेदारी इन्हें दी गई..

रायपुर:छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने रुठे नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का फैसला किया है। इसकी जिम्‍मेदारी पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं को सौंपा गया है। प्रदेश स्‍तर पर गठित इस कमेटी को संवाद एवं संपर्क समिति नाम दिया गया है। इस कमेटी में 2 पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष, 1 पूर्व कार्यकारी अध्‍यक्ष और 6 पूर्व मंत्री सहित 14 नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी नेताओं के अनुसार यह कमेटी के सदस्‍य असंतुष्‍ट, नाराज और किसी कारण पर निष्क्रिय चल रहे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क करेगी। इसके लिए पार्टी के नेता उनके घर जाएंगे और उनसे चर्चा करेंगे। बता दें कि पिछले महीने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में हुई बैठक में यह फैसला किया गया था। प्रदेश प्रभारी के आदेश पर यह कमेटी बनाई गई है।

जानिए..कौन- कौन हैं संवाद एवं संपर्क समिति में

पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष धनेंद्र साहू को इस सम‍िति का संयोजक बनाया गया है। वहीं, पूर्व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और पूर्व कार्यकारी अध्‍यक्ष सत्‍यनाराण शर्मा को सदस्‍य बनाया गया है। इनके साथ ही पूर्व मंत्री मोहम्‍मद अकबर, डॉ. प्रेम साय, जय सिंह अग्रवाल, उमेश पटेल, धनेश पाटिला और अनिला भेड़ि‍या सदस्‍य बनाए गए हैं। समिति के अन्‍य सदस्‍यों में गुरुमुख सिंह होरा उपाध्‍यक्ष, राजेंद्र तिवारी, शैलेश नितिन त्रिवेदी, पदमा मनहर और अदितेश्‍वर शरण सिंहदेव को सदस्‍य बनाया गया है।