Friday, July 31, 2026

कांग्रेस मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने पूर्व सीएम पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- रमन सिंह पर घोटालों की जांच ED क्यों नहीं करती

राजनादगांव। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर और छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजनांदगांव विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने रमन सिंह पर नान घोटाला, पनामा पेपर लीक सहित अन्य घोटालों का आरोप लगाया है.विधानसभा चुनाव का दौर चलते ही कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को उनके विधानसभा क्षेत्र में ही घेरने घोटाले के आरोपों का पिटारा खोला है. कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर और छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने गुरुवार को राजनांदगांव में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करते राजनांदगांव भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह पर नान घोटाला, पनामा पेपर लीक, चिटफंड सहित कई आरोप लगाये.

कांग्रेस नेत्री राधिका खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पनामा पेपर लीक में जो पता है, वह डॉ. रमन सिंह का पैतृक निवास है. उन्होंने कहा कि पनामा में अभिषाक सिंह ही अभिषेक सिंह है. वहीं राधिका ने कहा कि नान घोटाले के मुख्य आरोपी ने नारको टेस्ट में डॉ रमन सिंह सहित उनके अन्य मंत्रियों को रुपये देने की बात कही है. नान डायरी की सीएम मैडम कौन है यह रमन सिंह जी को बताना चाहिए. उन्होंने कहा कि इन सभी घोटालों की ईडी जांच क्यों नहीं करती है. वहीं कांग्रेस की सरकार जब जांच करना चाही तो बीजेपी ने इन मामलों में स्टे ले लिया.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राधिका खेड़ा ने डॉ रमन सिंह और उनके पुत्र अभिषेक सिंह पर घोटालों आरोप लगाते हुए ईडी को भी इन मामलों की जांच नहीं करने पर घेरा है. इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राजनांदगांव शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा भी उपस्थित थे.