Wednesday, September 30, 2026

पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी विधायक को जान से मारने की साजिश, इंस्टाग्राम में युवक ने दी सुपारी

दुर्ग. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेहद करीबी माने जाने वाले कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को जान से मारने की साजिश रचने और कथित तौर पर दो लाख रुपए की सुपारी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में विधायक देवेंद्र ने अपने सहयोगी के माध्यम से दुर्ग एसपी को एक पत्र सौंपकर संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं विधायक देवेंद्र यादव अभी राहुल गांधी की न्याय यात्रा में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

दरअसल, भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव को इंस्टाग्राम में अंकित नामक युवक ने मैसेज कर बताया कि शुभम नामक युवक आपके नाम की हत्या की सुपारी उसे देना चाहता है. इससे युवक काफी डर गया और इस मामले की जानकारी विधायक को इंस्टाग्राम में वॉइस मैसेज के रूप में दी.

इंस्टाग्राम में युवक अंकित ने वॉइस मैसेज में विधायक को बताया कि वह पावर हाउस स्टेशन में शुभम से मिला. शुभम ने उसे 500 रुपए भी दिए. साथ ही वहां के पुलिस वालों को भी दारू की बोतल दी. शुभम ने उन्हें देवेंद्र यादव की फोटो दिखाकर कहा कि 200000 ले लो और देवेंद्र यादव की हत्या कर दो. इस मामले की शिकायत विधायक देवेंद्र यादव के करीबी देवेश पाणिग्रही ने दुर्ग एसपी से की है और सारी बातों के दस्तावेज एवं वॉइस रिकॉर्डिंग भी दे दी है. उन्होंने आगे की कार्रवाई के लिए एसपी से निवेदन भी किया है.