कोरबा जिले की रिहायशी कॉलोनी में लाखों रुपए की लूट के बाद रविवार को दूसरी वारदात भी सामने आई है। यहां गंगानगर के पास सड़क पर खड़े 3 बदमाशों ने ठेका कंपनी के सुपरवाइजर का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और इसके बाद पैर में चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसकी बाइक, 10 हजार नगद और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, दीपका थाना अंतर्गत गांधीनगर सिरकी में श्रीराम कोहराम (32 वर्ष) निवास करता है। वह शाह ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर है। रोजाना की तरह रविवार की रात श्रीराम ड्यूटी के लिए कुसमुंडा जाने को निकला था। वह रात करीब 9 बजे कुसमुंडा दीपका मार्ग पर गंगानगर के पास पहुंचा था, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े 3 युवकों ने जबरदस्ती उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने युवक श्रीराम के रुकते ही उसकी बाइक की चाबी छीन ली।











