देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच पीएम मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. पीके मिश्रा ने शनिवार को देश के शीर्ष अधिकारियों और एक्सपर्ट्स के साथ बैठक की। इस दौरान पीके मिश्रा ने देश में कोरोना की स्थिति और महामारी से निपटने के लिए की जा रही उन तैयारियों की समीक्षा की, जिसको लेकर 22 दिसंबर को पीएम मोदी ने बैठक में निर्देश दिए थे।
इस बैठक के दौरान बताया गया कि देश में इस समय 500 सैंपल्स की जिनोम सीक्वेंसिंग INSACOG लैब में की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि कॉमर्स मिनिस्ट्री से कहा गया था कि वे चीन को भेजी ला रही दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर नजर रखें। मिश्रा ने कहा कि मुझे बताया गया है, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और सिंगापुर जैसे देशों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इससे बने ग्लोबल सिनेरियो के बारे में बताया गया।
आगे बढ़ने से पहले कोरोना से जुड़ी अब तक की अपडेट्स पढ़ें…
- शनिवार को गुजरात में पहला XBB.1.5 वैरिएंट का केस मिला, यह ओमिक्रॉन का म्यूटेशन है।
- अब तक देशभर के एयरपोर्ट्स से 5,666 सैंपल इक्ट्ठे किए गए हैं, जिनमें 53 इंटरनेशनल पैसेंजर्स कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
- यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो की स्टडी में पता चला है कि कैंसर का इलाज करवा रहे मरीजों में कोरोना से संक्रमित होने का खतरा ज्यादा है। खासतौर पर उन मरीजों को जिन्हें एंटी-CD 20 दी जा रही है।
- शुक्रवार को मध्य प्रदेश में अमेरिका से आई 38 साल की एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। वह जबलपुर की रहने वाली है। वह कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित है, फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है।











