Tuesday, March 31, 2026

हनुमंत कथा में उमड़ी भीड़ का फायदा उठा रहे शातिर चोर, महिला का लाखों का मंगलसूत्र पार

कोरबा | 30 मार्च, 2026 कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढपढप में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘दिव्य हनुमंत कथा’ में आस्था के सैलाब के बीच अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कथा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया।

5 लाख रुपये बताई जा रही कीमत

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला कथा श्रवण करने पहुँची थी, तभी अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए मंगलसूत्र की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद से महिला और उसके परिजन सदमे में हैं।

दो दिन में तीसरी वारदात, हड़कंप

यह कोई पहली घटना नहीं है; पिछले दो दिनों के भीतर चेन स्नेचिंग की यह तीसरी बड़ी वारदात है। लगातार हो रही इन चोरियों ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। श्रद्धालुओं में अब अपनी कीमती वस्तुओं को लेकर दहशत का माहौल है।

पुलिस की सक्रियता पर सवाल

इतने बड़े आयोजन में जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं, वहां बदमाशों का इस तरह सक्रिय होना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।