कोरिया जिले के सोनहत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की मौत के बाद शव वाहन न मिलने से उसे बाइक में ले जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तंज कसा है।
दरअसल, 22 मई बुधवार की सुबह ग्राम पोंडी की रहने वाली गर्भवती पूजा ने नवजात को जन्म दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। वहीं मौत के बाद नवजात का शव घर तक ले जाने के लिए शव वाहन का 4 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। इसके बाद शव वाहन नहीं मिलने पर परिजन बाइक में ही नवजात के शव को ले जाने पर मजबूर हुए।
पूर्व विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री और विधायक पर कसा तंज
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और भरतपुर-सोनहत की विधायक रेणुका सिंह को टैग कर सोशल मीडिया पर लिखा है कि स्वास्थ्य मंत्री के इलाके में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था है तो अन्य इलाकों में क्या होगी इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

सबसे पहले बच्चे की जान है
‘विधायक मंत्री प्रचार में व्यस्त, नवजात तोड़ रहे है दम। शर्म है ऐसे स्वास्थ्य सिस्टम पर जहां मौत के बाद भी शव वाहन उपलब्ध नहीं होता। विधायक रेणुका सिंह जी स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल जी अगर प्रचार से फुर्सत मिले तो यहां भी दौरा कर लीजिए। मालूम है आपके पास 400 पार का दारोमदार है, लेकिन सबसे पहले बच्चे की जान है।
अस्पताल की लापरवाही पर प्रबंधन चुप
वहीं इस पूरे मामले में मृत नवजात के परिजनों का कहना है कि अस्पताल की ओर से उनको शव वाहन नहीं दिया गया। 5-6 घंटे के इंतजार के बाद वो बाइक से बच्चे के शव को लेकर घर गए। जब इस बारे में ड्यूटी में उपस्थित डॉक्टर और स्टाफ से बात की गई तो उन्होंने बीएमओ से जानकारी लेने की बात कही। वहीं बीएमओ श्रेष्ठ मिश्रा को कॉल किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।











