Tuesday, August 4, 2026

वंशज बोले-सियासी लड़ाई में टीपू सुल्तान को ना खींचें:कांग्रेस हो या भाजपा, किसी ने कुछ नहीं किया…पूर्वजों को अपमानित किया तो कोर्ट जाएंगे

बेंगलुरु.टीपू सुल्तान के एक वंशज ने पॉलिटिकल पार्टियों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई में टीपू सुल्तान का नाम नहीं खींचा जाना चाहिए। कई पार्टियां वोट के लिए हमारे पूर्वजों को अपमानित कर रही हैं। अगर पार्टियां इसी तरह बयानबाजी करती रहीं तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, कर्नाटक में टीपू सुल्तान को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। कुछ दिन पहले उच्च शिक्षा मंत्री अश्वथ नारायण ने कहा था- सिद्धरमैया को भी उसी तरह कुचल दिया जाएगा जिस तरह टीपू को कुचल दिया गया था। उनके इस बयान पर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके अलावा भाजपा चीफ नलिन कुमार कतील ने कहा था कि टीपू सुल्तान के सभी उत्साही अनुयायियों को जिंदा नहीं रहना चाहिए। टीपू सुल्तान के वंशजों को खदेड़ कर जंगलों में भेज देना चाहिए।

मंसूर अली बोले- अमित शाह ने टीपू सुल्तान की तुलना सावरकर से की थी, जो गलत है
टीपू सुल्तान की 7वीं पीढ़ी के वंशज साहबजादा मंसूर अली हैं। उन्होंने कहा कि चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों पार्टियों ने ही टीपू सुल्तान के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने केवल वोटों के ध्रुवीकरण के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने वीर सावरकर की तुलना टीपू सुल्तान से की थी, जो सही नहीं है। वीर सावरकर का अपना इतिहास है और टीपू सुल्तान का अपना। टीपू सुल्तान ने अपने समय में अच्छा प्रशासन दिया। इतिहास टीपू सुल्तान को एक स्वतंत्रता सेनानी के रूप में स्वीकार करता है, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपनी जान दे दी।

कर्नाटक शिक्षा मंत्री बोले- सिद्धरमैया को टीपू सुल्तान की तरह कुचला जाना चाहिए
कर्नाटक में उच्च शिक्षा मंत्री अश्वथ नारायण ने कुछ दिन पहले सिद्धरमैया को भी उसी तरह कुचल दिया जाएगा जिस तरह टीपू को कुचल दिया गया था। इस पर पूर्व CM सिद्धारमैया ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद अश्वथ नारायण ने अपने बयान पर अफसोस जताया था।