Monday, August 10, 2026

शराब के नशे में अजगर गले में लपेटा:गर्दन कसने लगी तो चिल्लाया; 14 साल के बेटे ने मुश्किल से बचाई जान

शराब के नशे में एक व्यक्ति को अजगर गले में डालना भारी पड़ गया। अजगर ने गला कसना शुरू किया तो सांस अटक गई। चीख सुनकर व्यक्ति का 14 साल का बेटा दौड़ा। 15-20 मिनट की कोशिशों के बाद वह अपने पिता को इस मुश्किल से निकाल पाया। इस घटना का वीडियो देखने के लिए आप कवर पर लगी फोटो को क्लिक कर सकते हैं।

घटना गढ़वा के कितासोती खुर्द गांव की है। 55 साल का बिरजालाल भुइयां गांव के पास नहर में अपने बेटे के साथ मछली पकड़ने गया उसी वक्त यह घटना हुई।गांव के लोगों ने अजगर को बिरजालाल के शरीर से निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। उन्होंने आवाज लगाकर बिरजालाल के 14 साल के बेटे नीतीश को आवाज लगाई। बेटा आकर अजगर पर टूट पड़ा। पत्थर उठाया, उसकी गर्दन पकड़कर खींची। इसी जद्दोजहद में बिरजालाल पानी में गिर गया। इसी समय अजगर की पकड़ ढीली हुई और नीतीश उसे निकालने में कामयाब हो गया।बिरजालाल को मामूली चोटें आई हैं। उसका गांव में ही इलाज चल रहा है। सांप को गांव में मंगलवार रात देखा गया था। तब उसे उसे पकड़कर नहर के किनारे छोड़ दिया गया था। इस घटना के बाद अब गांववालों ने अजगर को जंगल में छोड़ दिया है।