Friday, May 1, 2026

DSP के बेटे ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां डीएसपी रैंक के अधिकारी के बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना Bhilai के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान आयुष झारिया (20) के रूप में हुई है, जो रुंगटा कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता संतोष झारिया डीएसपी पद पर पदस्थ हैं और घटना के समय विधानसभा ड्यूटी पर थे। वहीं मां और बहन जबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।

बताया जा रहा है कि देर रात जब पिता घर लौटे और बेटे को आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर बेटे को फंदे पर लटका देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

इसी बीच भिलाई-3 थाना क्षेत्र में भी एक युवक ने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।