Thursday, March 12, 2026

IT के डर से सट्टा किंग ने करोड़ों लगाए ठिकाने, फिर चोरों ने कर दी सेंधमारी

जांजगीर-चांपा जांजगीर-चांपा. सक्ती जिले में हाल ही में आईटी ने छापेमार कार्रवाई की थी, जिसमें सक्ती के धन्ना सेठों के यहां हिसाब-किताब सकेलने में हफ्ता भर का समय लग गया और इतना समय लगना भी लाजमी है, क्योंकि जिन जगहों पर छापे पड़े थे उनमें से कई बड़ी संपत्तियों के स्वामी हैं.सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सक्ती के सट्टा किंग के करोड़ों रुपये और कई किलो सोना लापता हो गया था. जिसे उसने हरेठी गांव के एक मकान के पीछे बने कमरे में रखवाया था. मकान उसके यहां काम करने वाली एक महिला का था. महिला का एक रिश्तेदार को जब इसकी भनक लगी तो उसने कमरे में लगे ताले को तोड़कर वहां से कई करोड़ रुपये और सोने से भरी पेटियां पार कर दी. वहीं जब मामले की जानकारी सट्टा किंग को लगी तो उसके होश उड़ गए. जिसके बाद उसने अपनी पावर का इस्तेमाल कर चोरों की तलाश करने खाकी को काम पर लगाया.

लाजमी है कि, मामला कालेधन का है तो थाने में भी इसकी शिकायत नहीं की जा सकती. इसलिए सट्टा किंग ने मामले में वर्दीधारियों को प्राइवेट ठेका देकर काम पर लगा दिया. ठेका लाखों रुपये में था, इसलिए वर्दीधारियों ने पूरी मेहनत और ईमानदारी से अपने काम को अंजाम देकर दिन रात एक कर जगह-जगह लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच गए. पुलिस ने आरोपी के पास से करोड़ों रुपये और सोना जब्त कर लिया. जिसे आरोपी ने सक्ती जिले के दर्राभांटा गांव में चोरी का पैसा और सोना छिपा रखा था.