Tuesday, August 4, 2026

प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर:अतीक के बेटे का ड्राइवर ढेर, वही हमलावरों को गाड़ी में ले गया था

प्रयागराज.प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल एक बदमाश का एनकाउंटर किया है। बदमाश का नाम अरबाज है। मुठभेड़ सोमवार दोपहर धूमनगंज में नेहरू पार्क के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से अरबाज नेहरू पार्क इलाके में छिपा था।

उसने थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्या पर गोली चलाई। राजेश के हाथ गोली लगी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। अरबाज के सीने और पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अरबाज को स्वरूपरानी नेहरू (SRN) अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल थाना प्रभारी राजेश का इलाज चल रहा है।उमेश पाल पर हमला करने के बाद अरबाज का चेहरा CCTV फुटेज में आया था। पता चला था कि पुरामुफ्ती के सल्लाहपुर निवासी अरबाज नाम का शातिर अपराधी कार चला रहा था। उसने उमेश पर हमला भी किया था।

अरबाज अतीक अहमद के बेटे असद का ड्राइवर था। हमलावरों की क्रेटा गाड़ी पुलिस ने बरामद की है। अरबाज को बाहुबली अतीक अहमद का बेहद खास माना जाता था। उसका पिता भी अतीक अहमद की गाड़ी चलाता था।