Monday, April 13, 2026

बेटे की शादी वाले दिन पिता ने उसकी हत्या की:चेहरे और छाती पर चाकू से 15 वार किए; पार्क में फेंका शव

मृतक का नाम गौरव सिंघल था, वह फिट बॉक्स जिम मालिक था। - Dainik Bhaskarनई दिल्ली.साउथ दिल्ली में एक पिता ने अपने 29 साल के बेटे को उसकी शादी वाले दिन मार डाला। आरोपी ने अपने बेटे के चेहरे और छाती पर चाकू से 15 वार किए। घटना देवली एक्सटेंशन में मृतक के घर पर हुई। बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक का नाम गौरव सिंघल था, वह फिट बॉक्स जिम का मालिक था। पुलिस ने बताया कि गौरव रोज अपने पिता रंगालाल की बेइज्जती करता था, इसलिए गुस्से में उन्होंने बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को पिता को गिरफ्तार कर लिया।

शादी से चंद घंटे पहले मर्डर किया, बॉडी पार्क में फेंकी
हादसे वाले दिन ही गौरव की शादी होनी थी। ये अरेंज मैरिज थी। गौरव के रिश्तेदार और मेहमान उसकी बारात की तैयारी कर रहे थे। सभी लोग तेज म्यूजिक पर डांस कर रहे थे, लेकिन गौरव इन तैयारियों के बीच दिखाई नहीं दे रहा था।

साउथ दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर अंकित चौहान ने बताया कि जब परिवार के लोगों ने उसे ढूंढना शुरू किया तो पास के पार्क में उसकी बॉडी मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गौरव के पिता भी मौके से फरार हो गए। उन्हें ढूंढने के लिए पुलिस ने तलाश शुरू की और गुरुवार शाम को उन्हें ढूंढ निकाला। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।