Saturday, August 15, 2026

पूर्व मंत्री केदार बोले-गौ-मांस खाने वाला कांग्रेसी:मंत्री लखमा का पलटवार- समाज को भड़काने का काम न करें; युवक ने वायरल किया था आपत्तिजनक वीडियो

सुकमा जिले में गौ-मांस दिखाते और हिंदू संगठन, बीजेपी कार्यकर्ताओं को गाली देते हुए वीडियो वायरल हुआ था। अब पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने गौ-मांस खाने और दिखाने वाले युवक को कांग्रेसी बताया है। इस पर पलटवार करते हुए आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा, केदार कश्यप समाज को भड़काने का काम न करें। सरकार ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है।

पहले जान लेते हैं पूरा मामला…..

बुधवार को सुकमा जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड हुआ था। जिसमें आरोपी साजिद खान गौ-मांस दिखा रहा था। इसके साथ कह रहा था कि, मैं गाय का मांस खाऊंगा, यदि हिम्मत है तो मेरा जो बिगाड़ सकते हो बिगाड़ लो।

इस मामले पर केदार कश्यप ने क्या कुछ कहा जानिए…

पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, कांग्रेस के संरक्षण में लगातार हिंदुओं का अपमान किया जा रहा है। सुकमा का युवक साजिद खान ने खुलेआम गौ-मांस के साथ वीडियो बनाया। साथ ही भाजपा और हिंदुओं को गालियां दी।

आबकारी मंत्री कवासी लखमा के क्षेत्र में लगातार धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम किया जा रहा है। रामनवमी पर नगर के साज-सज्जा में लगे हिंदू संगठन के निर्दोष कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया।

अब साजिश के तहत एक युवक खुलेआम भाजपा और हिंदुओं को गाली-गलौज करते हुए वीडियो पोस्ट कर रहा है। सरकार के संरक्षण में गौ माता की तस्करी और गौ मांस की बिक्री हो रही है।

हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने और धार्मिक उन्माद का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केदार कश्यप ने वीडियो अपलोड करने वाले युवक की कांग्रेस नेताओं के साथ की कुछ तस्वीरें भी जारी की है।

आबकारी मंत्री कवासी लखमा का बयान पर पलटवार
कवासी लखमा ने कहा कि, केदार कश्यप नेतागिरी न करें। और न ही समाज को भड़काने का काम करें। ऐसी घटनाओं पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी निंदा की गई है। सुकमा एक छोटा सा जिला है और यहां पर हिंदू, मुस्लिम,सिख, ईसाई सभी समुदाय के लोगों को रहने का अधिकार है। सभी समाज के लोगों से निवेदन करता हूं कि आपसी भाईचारा बरकरार रखें।