कटघोरा:कटघोरा थाना क्षेत्र के सुराबहार मोहल्ले में बुधवार की शाम एक घर में गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गैस सिलेंडर के अचानक आग पकड़ने के बाद आस-पास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत नगर पालिका परिषद के फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद के अग्निशमन प्रभारी फराज खान और उनकी टीम, जिसमें शलीम खान शामिल थे, तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने तुरंत हालात का जायजा लिया और आग पर काबू पाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए।
फायर ब्रिगेड टीम ने सिलेंडर के रेगुलेटर को तोड़कर सिलेंडर को सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकाला और आग को बुझाने में सफलता पाई। इसके बाद, घर के अंदर लगी आग पर भी पानी का छिड़काव कर काबू पाया गया।
फायर ब्रिगेड की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सिलेंडर में लगी आग से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया था, लेकिन टीम की मुस्तैदी के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे जान-माल का नुकसान होने से बच गया।








