बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच फिर जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी विश्वविद्यालय में इसी तरह का विवाद सामने आया था।
जानकारी के अनुसार सोमवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने तेज आवाज में साउंड सिस्टम लगाकर डीजे पर छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल के साथ डांस कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्रों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ छात्र नशे में धुत होकर एक-दूसरे पर रंग फेंकते हुए कपड़े फाड़ने लगे। इसी बात को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे चलने लगे। एक तरफ डांस चलता रहा, तो दूसरी तरफ छात्र एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे।
चार दिन पहले भी विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के होली मिलन कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। कुछ छात्रों के जबरन मंच पर चढ़ने की कोशिश का विरोध किया गया, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई थी।
ताजा मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।









