Saturday, May 9, 2026

GST की बड़ी कार्रवाई, माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के घर और दफ्तर पर देर रात छापा, दस्तावेज और उपकरण खंगाले

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में शुक्रवार देर रात जीएसटी विभाग की टीम ने माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के ठिकानों पर दबिश दी। दिल्ली और रायपुर से आई संयुक्त टीम दो वाहनों में पहुंची और एक साथ उनके निवास व कार्यालय में छापेमारी की।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे शुरू होकर 1 बजे तक चली। टीम ने बाजारपार स्थित घर और दल्लीरोड स्थित कार्यालय में वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच की।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कार्यालय से प्रिंटर समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और उपकरण जब्त किए गए हैं। हालांकि, जब्त सामग्री को लेकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि अरविंद साहू, नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेका कार्य करते हैं। खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई और स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व जानकारी नहीं थी।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी अरविंद साहू के रायपुर स्थित कार्यालय में जीएसटी विभाग द्वारा छापेमारी की गई थी। वहीं, इस पूरे मामले पर संपर्क करने की कोशिश के बावजूद ठेकेदार से बात नहीं हो सकी, क्योंकि उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।