रायपुर। स्टेट जीएसटी विभाग ने दुर्ग जिले से एक गुटखा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला गुटखा बिक्री और उत्पादन से जुड़ा हुआ है। दुर्ग के गनियारी गांव में स्थित सितार गुटखा फैक्ट्री पर जीएसटी टीम ने सटीक योजना के तहत छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में गुटखा बनाने का सामान, रैपर और मशीनें जब्त की गईं। फैक्ट्री के मालिक गुरमुख को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए अधिकारियों के हवाले किया गया।
सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री में कर्मचारी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक की शिफ्ट में कम रोशनी में काम करते थे। इसको ध्यान में रखते हुए जीएसटी टीम ने छापेमारी से पहले फैक्ट्री से आधा किलोमीटर पहले वाहन की लाइटें बंद कर दीं। इसके बाद टीम ने फैक्ट्री के चारों ओर संभावित गुप्त रास्तों की जांच की। रात करीब 3 बजे फैक्ट्री की सात फीट ऊंची दीवार फांदकर टीम ने अंदर प्रवेश किया। अधिकारियों को देखकर फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी हैरान रह गए।
यह कार्रवाई न सिर्फ गुटखा कारोबार पर नियंत्रण के लिए है, बल्कि जीएसटी विभाग की सतर्कता और सटीक योजना का भी उदाहरण पेश करती है।