कोलकाता से 24-परगना तक दफ्तरों में छिपे सैकड़ों BJP वर्कर्स:आरोप- TMC नेता घर जला रहे; जान बची रहे, इसलिए यहां रह रहे

नई दिल्ली.BJP ऑफिस के हॉल में बैठकर पार्टी कार्यकर्ता खाना खा रहे हैं। एक ठेले पर बड़े-बड़े बर्तनों में 150 से ज्यादा लोगों के लिए खाना आया है। कार्यकर्ता यहीं गद्दे बिछाकर परिवार के साथ सोते भी हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के नतीजे आने के बाद TMC नेता उनके घर जला रहे हैं। इसलिए वे जान बचाने के लिए परिवार के साथ भागकर यहां आ गए हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने 10 जून से कोलकाता BJP ऑफिस में शरण ली हुई है। ये सभी साउथ और नॉर्थ-24 परगना से आए हैं। साउथ-24 परगना से आए गोपाल मंडल बताते हैं, ‘TMC नेताओं ने मुझ पर हमला किया। मेरे घर पर पत्थर फेंके। वो धमकी दे रहे थे कि मेरी जान ले लेंगे।’

दैनिक भास्कर की टीम BJP ऑफिस पहुंची। BJP कार्यकर्ताओं ने हमें बताया कि हर जिले में TMC के लोग हमला कर रहे हैं। कई जगह पार्टी दफ्तर तोड़ दिया। BJP वर्कर्स के घरों में ताला लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद से करीब 170 BJP कार्यकर्ता कोलकाता के 6 मुरलीधर सेन रोड और साउथ 24 परगना के बरईपुर में रह रहे हैं। पार्टी दफ्तर में ही उनके लिए रहने और खाने-पीने का इंतजाम है। BJP लीडर और नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने इस मामले में राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर दखल देने की मांग की है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान कई जिलों में हिंसा हुई थी। नतीजे आने के बाद कोलकाता, नॉर्थ-24 परगना, साउथ-24 परगना, बर्धमान और कूचबिहार में चुनाव शुरू होने से लेकर अब तक हिंसा की 500 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें 5 लोगों की मौत हुई है और करीब 6 हजार लोग घायल हुए हैं।

2021 के विधानसभा चुनाव के वक्त भी ऐसे ही हालात थे। चुनाव के नतीजे सामने आने के 24 घंटे के अंदर 12 लोगों की मौत हुई थी। BJP ने 6 पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगाया था। वहीं, TMC ने 5 लोगों की मौत का दावा किया था। 2023 में हुए पंचायत चुनाव के वक्त भी 50 से ज्यादा लोगों की मौत की बात सामने आई थी।

कोलकाता के बेलियाघाट की रहने वाली रीता रजाक 2015 में BJP से जुड़ी थीं। उनके पति भी पार्टी के लिए काम करते थे। 2021 में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में उनके पति की मौत हो गई थी।

रीता बताती हैं, ‘चुनाव वाले दिन पार्टी ने मुझे एजेंट बनाया था। मेरी ड्यूटी नाकाडाला हाई स्कूल पर बूथ नंबर-170 पर लगी थी। इसके बाद से ही मैं और मेरा परिवार TMC नेताओं के टारगेट पर है। पश्चिम बंगाल में BJP से जुड़ा होना आसान नहीं है। यहां की पुलिस और सेंट्रल फोर्स बंगाल की TMC सरकार का कहा मानती है।’