नई दिल्ली.लोकसभा में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के भाषण के बाद एक नया विवाद पैदा हो गया। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा- एक बात पर मैं आपत्ति जाहिर करना चाहती हूं। जिनको आज मुझसे पहले बोलने का अधिकार दिया गया, उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। यह केवल एक अभद्र व्यक्ति ही हो सकता है, जो सदन में संसद की महिला सदस्यों के रहते हुए फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसे गरिमा विहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। यह उस खानदान के लक्षण हैं। ये आज देश को पता चल गया।
अविश्वास प्रस्ताव के दूसरे दिन आज सबसे पहले राहुल गांधी ने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने मणिपुर पर ‘भारत माता की हत्या’ वाली बात कही जिस पर सत्ता पक्ष ने जमकर विरोध जताया। स्मृति उसके बाद बोलने के लिए खड़ी हुईं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरा। इसी दौरान उन्होंने फ्लाइंग किस वाली बात का जिक्र किया।












