Wednesday, August 5, 2026

CPR देकर IAS ने बचाई जान: हाउसिंग बोर्ड में हियरिंग पर पहुंचा था व्यक्ति, सुनवाई के दौरान गिरा

चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) यशपाल गर्ग ने एक व्यक्ति की जान बचाई। सेक्टर 41-ए के जनक कुमार सुबह चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में एक हियरिंग के सिलसिले में पहुंचे थे। यहां सेक्रेटरी के चैंबर में सुनवाई के दौरान वह गिर गए।

इस पर उन्हें तुरंत कुर्सी पर बिठाया गया। इसके बाद यशपाल गर्ग ने उन्हें कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन (CPR) दिया। लगभग 1 मिनट के CPR की प्रक्रिया के बाद जनक कुमार की तबियत थाेड़ी ठीक हुई और उन्हें पानी पिलाया गया।

गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया
इसके बाद उन्हें तुरंत चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की गाड़ी में सेक्टर 16 GMSH में ले जाया गया। समय रहते दिए गए CPR देने से जनक कुमार की जान बच गई।

थोड़े ठीक हुए तो पानी भी पिया।
थोड़े ठीक हुए तो पानी भी पिया।

CPR देते टीवी पर देखा था
वर्ष 2008 बैच(AGMUT) के IAS यशपाल गर्ग ने  बताया कि उन्होंने CPR की कोई ट्रेनिंग नहीं ली थी। एक बार न्यूज चैनल पर एक वीडियो देखा था। इसमें एक मरीज डॉक्टर के सामने बैठा था और डॉक्टर उसे दवाई लिखकर दे रहा था। अचानक मरीज कुर्सी पर कोलेप्स हो गया। डॉक्टर ने उसे कुर्सी पर CPR दी और वह ठीक हो गया था। लगभग 2 महीने पहले भारत में कहीं वह घटना हुई थी।

यशपाल गर्ग ने कहा कि भले ही उन्होंने जो CPR का तरीका अपनाया वह पूरी तरह उचित(प्रोफेशनल) नहीं था मगर यही उस वक्त उनके दिमाग में आया। बिना वक्त बर्बाद किए उन्होंने यह CPR दिया।