Saturday, May 2, 2026

ICICI बैंक में 1.38 करोड़ की धोखाधड़ी, डिप्टी ब्रांच मैनेजर पति संग फरार

मामला सिविल लाइन क्षेत्र के मंगला स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा का है।बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगला स्थित ICICI बैंक शाखा में 1 करोड़ 38 लाख रुपए की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक की डिप्टी ब्रांच मैनेजर तनीषा अग्रवाल अपने पति के साथ ग्राहकों की एफडी राशि और गोल्ड लोन का सोना लेकर फरार हो गई है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने आरोपी अधिकारी को बर्खास्त कर दिया है। ब्रांच मैनेजर अरूप पाल की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑडिट के दौरान खुलासा हुआ कि गोल्ड लोन के पाउच में असली गहनों की जगह नकली ज्वेलरी रखी गई थी। वहीं, ग्राहकों के फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 87.95 लाख रुपए के 14 अवैध ट्रांजैक्शन किए गए। एक महिला ग्राहक की एफडी से भी बिना अनुमति 28.29 लाख रुपए निकाल लिए गए।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई ग्राहकों के एफडी और निवेश से जुड़े दस्तावेज बैंक रिकॉर्ड से गायब हैं। यह पूरा फर्जीवाड़ा अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।