Thursday, August 20, 2026

ICU में लालू…बेटी रोहिणी हुईं इमोशनल:वीडियो कॉल पर पिता से बात कर रो पड़ीं, शेयर की अस्पताल की तस्वीर; लिखा- पापा मेरे हीरो

लालू यादव दो दिन से पटना के पारस अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार को वो घर में ही सीढ़ियों से गिर गए थे। इसके बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। जिसके बाद उन्हें सोमवार की सुबह साढ़े तीन बजे पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने ट्विटर पर अस्पताल के अंदर की तस्वीरें शेयर की हैं। रोहिणी ने लालू यादव से फोन पर वीडियो कॉल से बात की। इस कॉल में वे पिता को देखकर रोने लगीं। इसी कॉल का स्क्रीन शॉट उन्होंने ट्विटर पर शेयर किया है। लिखा- मेरे पापा मेरे हीरो हैं। हर बाधाओं से जिसने पाई है मुक्ति, करोड़ों लोगों की दुआएं हैं जिनकी शक्ति।

पारस हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिनटैंडैंट डॉ. आशिफ रहमान ने बताया कि हॉस्पिटल की मल्टी डिसिप्लिनरी एक्सपर्ट टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है। वे ICU में भर्ती हैं। उनका स्वास्थ्य स्थिर है और उसमें सुधार भी हो रहा है।

जानकारी है कि जरूरत पड़ने पर लालू प्रसाद को कभी-कभी ऑक्सीजन भी दी जा रही है। रविवार को देर शाम राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड में अपने कमरे की सीढ़ी चढ़ते समय वे गिर गए थे और उनके दाएं कंधे की हड्डी में फैक्चर हो गया था। उन्हें कमर में भी काफी चोट आई थी।

फ्रैक्चर के इलाज के बाद वे राबड़ी आवास तो आ गए, लेकिन रविवार की रात में उन्हें काफी बेचैनी रही। जब परेशानी काफी ज्यादा बढ़ गई तो उन्हें सोमवार की सुबह साढ़े तीन बजे पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था।