Tuesday, August 11, 2026

IG को चलती ट्रेन से लड़कियों ने किया ट्वीट….”मुझे एक लड़का परेशान कर रहा है”…..आईजी के रिप्लाई के 10 मिनट बाद ही मदद के लिए पहुंच गयी RPF की टीम

बिलासपुर । सोशल मीडिया की ताकत से कोई अनजान नहीं है। अगर सही वक्त और सही कामों के लिए इसका सदुपयोग हो तो ना जाने कितनों के लिए सोशल मीडिया वरदान बन जाये। ऐसा ही कुछ हुआ छत्तीसगढ़ की बेटियों के साथ। दरअसल कोरबा की दो बेटियां मुंबई हावड़ा मेल में सफर कर रही थी। AC-3 बोगी में सफर के दौरान एक युवक बच्चियों को परेशान करने लगा। बच्चियों को जब ट्रेन के लोगों से मदद नहीं मिली, तो उसने सीधे आईजी बिलासपुर रतनलाल डांगी को ट्वीट कर दिया। आईजी को ट्वीट कर बच्चियों ने अपनी परेशानी बतायी और साथ ही मदद मांगी। बच्चियों ने अपनी बोगी, सीट नंबर सहित सारा ब्योरा दिया।

 

रात करीब साढ़े 9 बजे आईजी रतनलाल डांगी के पास ये ट्वीट आया था। आईजी ने जैसे ही ट्वीट को देखा, उन्होंने तुरंत GRP मुंबई को बच्चियों की परेशानी को लेकर ट्वीट किया। आईजी के ट्वीट पर जीआरपी मुंबई ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए कंट्रोल रूम से संपर्क किया और फिर कंट्रोल रूम से तत्काल आरपीएफ और ऑन ड्यूटी पुलिस को संबंधित बोगी में भेजा गया।

 

करीब 10 मिनट के बाद ही आरपीएफ की टीम दोनों बच्चियों के पास मदद के लिए पहुंच गयी। जलगांव-भुसावल के पास बच्चियों के लिए आरपीएफ की टीम मदद के लिए पहुंच गयी थी। जीआरपी ने इस मामले में कार्रवाई के बाद तुरंत ही आईजी बिलासपुर को रिप्लाई भी किया और बताया कि बच्चियों तक मदद पहुंचा दी गयी है।