Monday, October 12, 2026

IPS अधिकारी के बेटे और दोस्तों पर हमला, मामूली विवाद के बाद बदमाशों ने की मारपीट; केस दर्ज

IPS अधिकारी के बेटे पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने दोस्तों के साथ भी की मारपीटअंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक IPS अधिकारी के बेटे और उसके दोस्तों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बौरीपारा तालाब के पास की बताई जा रही है। मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने लेखांश कांत और उनके दोस्तों के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाम लेने की बात पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक IPS अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कांत अपने दोस्तों के साथ बौरीपारा तालाब के पास मौजूद थे। इसी दौरान नाम लेने की बात को लेकर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया।

आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने लेखांश कांत और उनके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई।

इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपियों की भूमिका और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

सार्वजनिक जगह पर मारपीट से कानून व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद शहर की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सार्वजनिक स्थल पर कथित तौर पर खुलेआम मारपीट की घटना सामने आने से पुलिस की गश्त और बदमाशों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।