Thursday, April 23, 2026

मानसून तैयारी में लापरवाही से जितेन्द्र की जान गई, सुरक्षा समिति की रिपोर्ट ने की पुष्टि

कोरबा, एसईसीएल (SECL), कुसमुंडा प्रबंधन की मानसून प्रिपरेशन की तमाम खामियों की वजह से 27 जुलाई को ओव्हर बर्डन में लैंड स्लाइड हुआ और सहायक प्रबंधक (माइनिंग) जितेन्द्र नागरकर की बह कर मलबे में दबने से मौत हो गई। कंपनी सुरक्षा समिति के सदस्य बी धर्माराव की जांच रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है।

इस जांच रिपोर्ट से यह भी पता चलता है कि महाप्रबंधक, कुसमुंडा राजीव सिंह ने अपनी गलतियों छिपाने के लिए लिखित तौर पर जितेन्द्र नागरवार पर ही मौत की जिम्मेदारी थोप दी थी।कंपनी सुरक्षा समिति के सदस्य बी धर्माराव ने 30 जुलाई, 2024 को जांच प्रतिवेदन एसईसीएल सीएमडी को सौंपा है।

घटना दिनांक 27/07/2024 को गोदावरी कोल फेस के इंचार्ज श्री जितेंद्र विनायक नागरकर अपने साथी ओव्हरमैन एवं माईनिंग सरदार के साथ गोदावरी कोल फेस के दक्षिण दिशा में जहां सरफेस माईनर चल रहा था, वहां श्री जितेंद्र विनायक नागरकर कार्य करा रहे थे। लगभग 2ः30 बजे तेज बारीश शुरू हो गई और करीब 3 घंटे तक तेज बारिश हुई। तेज बारिश की वजह से श्री जितेंद्र विनायक नागरकर ने फेस में काम बंद कराया और सभी मशीनों को सरफेस माईनर सहित उपर की तरफ सुरक्षित स्थान पर पहुंचवा दिया तथा अपने साथी ओव्हरमैन, माईनिंग सरदार व प्राईवेट कंपनी एस.एस.एस.टी.वी. व जय अंबे कंपनी के सुपरवाईजर को लेकर रेस्ट सेल्टर में आ गए, जो नीचे सम्प के पास रखा हुआ था। धीरे-धीरे पानी का बहाव और तेज हो गया, जिसकी वजह से रेस्ट सेल्टर सम्प में डुब गया।

श्री जितेंद्र विनायक नागरकर एवं उनके साथी रेस्ट सेल्टर से कूदकर बाहर आ गए। चूंकि उपर की तरफ से ही पानी आ रहा था और चारो तरफ ओ.बी. डंप किया हुआ था और दुसरा कोई बचाव का रास्ता नहीं था इसलिए शायद मजबूरी में सभी लोग धारा के विपरित दिशा में एक-दुसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रंखला बनाकर निकलने का प्रयास करने लगे। जिसमें निकलते समय श्री जितेंद्र विनायक नागरकर का पांव फिसल गया और एक साथी के साथ सम्प में समा गए। जिस साथी का हाथ श्री जितेंद्र विनायक नागरकर ने पकड़ रखा था उसे बाद में बचा लिया गया लेकिन श्री जितेंद्र विनायक नागरकर तेज बहाव के कारण सम्प में काफी दूर जाकर डुब गए। उन्हें रातभर खोजा गया किन्तु वे नहीं मिल पाए। घटना के दुसरे दिन सुबह उनका मृत शरीर निकाला जा सका।