Wednesday, May 6, 2026

पत्रकार हत्याकांड…अफसरों के पैरों पर गिरे मुकेश के भाई,मांगा न्याय

कलेक्टर के पैरों में गिरकर घुटने टेक न्याय की भीख मांगी। - Dainik Bhaskarबीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद उनके बड़े भाई और पत्रकार युकेश चंद्राकर DIG, कलेक्टर समेत अन्य अफसरों के पैरों पर गिर गए। बिलखते हुए उन्होंने कहा कि मेरे भाई को, मुझे सिर्फ न्याय चाहिए। वहीं, कैमरे के सामने उन्होंने मांग की है कि, उन्हें सुरक्षित तरीके से दिल्ली पहुंचाया जाए। वहां पहुंचकर कुछ खुलासा करूंगा।

जब पोस्टमॉर्टम के बाद मुकेश का पार्थिव शव उनके घर लाया गया, तो अफसर भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान युकेश बिलखने लगे। बिलखते-बिलखते वे अफसरों के पैरों पर गिर गए। कलेक्टर के सामने घुटने टेक उन्होंने न्याय की भीख मांगी।

युकेश के कहा कि, मेरे भाई मुकेश ने जिले की जनता के लिए बहुत से काम किए हैं। मेरे भाई को बेरहमी से मारा गया है। मैंने उसे कैमरा चलना सिखाया, मैंने रिपोर्टिंग करनी सिखाई, उसने जिले के लिए, जिले की जनता के लिए बहुत कुछ किया है। हमें अब आश्वासन नहीं न्याय चाहिए। इस मामले में कोई समझौता नहीं हो सकता। न्याय नहीं मिला तो कुल्हाड़ी लाएं और मुझे भी काट डालें।