कोरबा। जिले में मानसून अवधि के दौरान रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित खनिज उड़नदस्ता टीमों ने विभिन्न रेत घाटों का औचक निरीक्षण कर नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।
कई रेत घाटों पर औचक निरीक्षण
जांच के दौरान जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा और कुदमुरा सहित कई अधिकृत रेत घाटों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने घाट संचालकों को 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी से रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
प्रतिबंध के बावजूद खनन, मशीन सील
कार्रवाई के दौरान कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद उत्खनन कार्य करते पाए जाने पर एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील कर दिया गया।
अवैध परिवहन पर भी कार्रवाई
भिलाई खुर्द क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया। वहीं डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी और ईंट के अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त दो अन्य ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई।
जब्त वाहन थाने में सुपुर्द
जब्त किए गए वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रामपुर थाना में सुपुर्द किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण पर फोकस
खनिज विभाग के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान नदियों के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरणीय संतुलन की रक्षा करना, अवैध खनन पर रोक लगाना और राजस्व हानि को रोकना है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गौण खनिज नियमों और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






