कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गवन (नई दुल्हन) लेकर लौट रही एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास की है। तूफान वाहन (CG 11 BJ 9084) ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द की ओर जा रहा था। वाहन में करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
खुशियों के बीच पसरा मातम
बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी के बाद गवन की रस्म पूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची। दर्री सीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव का बताया जा रहा है, जिसे किराए पर लिया गया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।









