KORBA: भीषण सड़क हादसा: हाइवा-पिकअप की जोरदार टक्कर में 2 की मौत, 1 घायल

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के पास केंदई हसदेव पुल के पास शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार हाइवा वाहन में चावल लदा था, जबकि पिकअप में सब्जियां भरी हुई थीं। बताया जा रहा है कि हसदेव पुल के मोड़ पर तेज रफ्तार हाइवा ने पिकअप को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर सामने मोड़ पर जा टकराया।

इस दुर्घटना में हाइवा चालक और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान विनोद यादव के रूप में हुई है, जो वाहन का मालिक भी बताया जा रहा है। वहीं पिकअप चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

टक्कर के बाद सड़क पर हाइवा से चावल की बोरियां और पिकअप से सब्जियां बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। हाइवा चालक वाहन में फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

चौकी प्रभारी और स्टाफ ने जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस के अनुसार शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शवों को मरचुरी में रखा गया है।