Tuesday, March 3, 2026

KORBA: होली इवेंट में बवाल: दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, तीन घायल, CCTV में कैद घटना

कोरबा। होली के दौरान आयोजित एक इवेंट में दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पूरी वारदात दादर स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बहस से शुरू हुआ विवाद, शराब दुकान में भिड़े युवक

जानकारी के अनुसार मानिकपुर इलाके के एक भवन में होली इवेंट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक गुट के युवक दादर स्थित शराब दुकान पहुंचे। कुछ ही देर बाद दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

बोतल से हमला, तीन लोग घायल

मारपीट के दौरान कुछ युवकों ने एक युवक के सिर पर शराब की खाली बोतल से हमला कर दिया। इस झड़प में कुल तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

CCTV और वायरल वीडियो से पहचान की कोशिश

घटना चखना सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।

होली पर पुलिस का विशेष अभियान जारी

होली पर्व को देखते हुए जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हाल ही में 67 गिरफ्तारी वारंटी और 30 स्थायी वारंटी सहित कुल 97 वारंटियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।