Friday, July 31, 2026

Korba Accident News: तेज रफ्तार स्कूटी ने बुझाया चिराग, डिवाइडर से टकराई गाड़ी; दोस्त घायल, 11 नाबालिग चालक पकड़े गए

कोरबा। कोरबा में तेज रफ्तार और नाबालिगों के वाहन चलाने की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सुनालिया मोड़ के पास बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में सेंट जेवियर्स स्कूल के कक्षा 9वीं के छात्र हर्षवर्धन सिंह (13) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उसके साथ स्कूटी पर सवार दोस्त वंशु कुमार जोशी (13) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार से लेकर स्कूल तक मातम का माहौल है।

तेज रफ्तार स्कूटी डिवाइडर से टकराई

जानकारी के मुताबिक, मिशन रोड निवासी हर्षवर्धन सिंह और वंशु कुमार जोशी बुधवार 29 जुलाई की शाम स्कूटी से टीपी नगर की ओर जा रहे थे। स्कूटी हर्षवर्धन चला रहा था।

बताया जा रहा है कि सुनालिया मोड़ के पास तेज रफ्तार के चलते स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र सड़क पर जा गिरे।

सिर में गंभीर चोट, इलाज के दौरान मौत

हादसे में हर्षवर्धन का सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वहीं, पीछे बैठा वंशु उछलकर दूर जा गिरा और उसके कंधे में फ्रैक्चर हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायल छात्रों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में हर्षवर्धन का इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वंशु कुमार जोशी का अस्पताल में उपचार जारी है।

परिवार और स्कूल में पसरा मातम

13 वर्षीय हर्षवर्धन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कम उम्र में बेटे को खोने से परिजन सदमे में हैं।