कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक के दौरान एक हाइड्रा वाहन बेकाबू होकर बाइक सवार परिवार की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक पर सवार 3 वर्षीय मासूम स्नेहा पोर्ते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची के माता-पिता भी घायल हुए हैं।
ओवरटेक के दौरान बेकाबू हुआ हाइड्रा
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर एक परिवार जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर ओवरटेक करते समय हाइड्रा वाहन अचानक बेकाबू हो गया और बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 3 साल की बच्ची स्नेहा पोर्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल माता-पिता को मदद पहुंचाई।
हादसे के बाद चालक हाइड्रा छोड़कर फरार
घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने हाइड्रा को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और चालक की लापरवाही कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है।








