कोरबा, 24 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र में बंद पड़ी एक केमिकल फैक्ट्री को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 95 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। फैक्ट्री संचालक की शिकायत के बाद सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने नामजद आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंद फैक्ट्री में टूटे ताले, भारी वस्तु से दरवाजा फैलाया
मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है। गांजा गली (तुलसी मार्ग) निवासी प्रवीण अग्रवाल (52) की औद्योगिक क्षेत्र में ‘एनएलए इंडस्ट्रीयल’ नाम से केमिकल फैक्ट्री है। फैक्ट्री पिछले कुछ दिनों से बंद थी। वहीं, वहां तैनात चौकीदार भी करीब 8 से 10 दिनों से छुट्टी पर था।
19 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे जब प्रवीण अग्रवाल फैक्ट्री पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। दरवाजे को किसी भारी वस्तु की मदद से फैलाकर अंदर प्रवेश करने के निशान भी मिले।
95 हजार रुपये का सामान गायब
फैक्ट्री के अंदर जांच करने पर संयंत्र से करीब 95 हजार रुपये मूल्य का सामान गायब मिला। इसके बाद संचालक ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में अटल आवास निवासी राजा और उसके कुछ साथियों पर चोरी में शामिल होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
फैक्ट्री संचालक की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राजा और उसके सहयोगियों के खिलाफ BNS की धारा 305(ए), 331(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच-पड़ताल कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।











