Wednesday, September 30, 2026

Korba Crime News: सिंचाई कॉलोनी में आंगन से बाइक चोरी, साइकिल-चप्पल छोड़ गया नकाबपोश चोर; CCTV में कैद हुई वारदात

कोरबा। रामपुर थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में बीती रात एक नकाबपोश चोर घर के आंगन में खड़ी बाइक चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। हैरानी की बात यह रही कि बाइक चोरी करने वाला आरोपी अपनी साइकिल और चप्पल मौके पर ही छोड़ गया।

रात 3:35 बजे आंगन में घुसा चोर

जानकारी के मुताबिक सिंचाई विभाग में मानचित्रकार के पद पर कार्यरत गिरधारी लाल खरिया सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर A1-3 में रहते हैं। उन्होंने रोज की तरह अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 12 AQ 7329 घर के आंगन में खड़ी की थी।

रात करीब 3:35 बजे एक नकाबपोश युवक घर के आंगन में पहुंचा और बाइक लेकर फरार हो गया। सुबह जब परिवार की नजर बाइक पर पड़ी तो वह गायब थी। इसके बाद घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली गई।

साइकिल और चप्पल छोड़कर बाइक लेकर भागा

CCTV फुटेज में एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दे रहा है। वह घर के आंगन से बाइक निकालकर ले जाता नजर आ रहा है।

चोरी के दौरान आरोपी अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

कॉलोनी में लगातार चोरी से लोगों में दहशत

स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंचाई कॉलोनी और रामपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पूर्व पार्षद पालू राम साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी कॉलोनी के एक सूने मकान में भी चोरी हुई थी। इसके अलावा क्षेत्र में बाइक और घरों में चोरी की अन्य घटनाएं भी हो चुकी हैं।

बताया गया कि गणेश उत्सव के दौरान तीजा के दिन रामपुर जंगल बस्ती निवासी कौशल्या बरेठ के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर ले गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मामले में भी अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

रात में गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर कॉलोनीवासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और मौके से मिले सामान के आधार पर आरोपी की पहचान और बाइक की तलाश में जुटी है।